मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि इससे संस्थान उन्नत नैदानिक उपचार, चिकित्सा शिक्षा और रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह संस्थान में स्थापित दूसरी एमआरआई मशीन है। पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन से मरीजों को नैदानिक सेवाएं दी जा रही थीं। नई मशीन से जांच क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीक मिलेगी। यह मशीन अधिक स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिज उपलब्ध करवाएगी, जिससे जटिल बीमारियों का सटीक निदान संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने तथा लोगों को प्रदेश में ही आधुनिक, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि मरीजों को विशेषज्ञ सेवाओं के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने तथा 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन देने का आश्वासन दिया। साथ ही एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में एक साथ 320 पीजी सीटों की वृद्धि की गई है, जिससे चिकित्सा महाविद्यालयों में पीजी सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है। उन्होंने संस्थान में 28 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जाने की उपलब्धि की भी सराहना की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।