अमरोहा के गजरौला स्थित तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालु मां गंगा के प्रति अटूट आस्था के साथ गंगा स्नान कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। गंगा मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों की ओर बढ़ रही है। लाइटों से जगमगाते मेले में भक्ति के साथ मनोरंजन और पारिवारिक मेल-मिलाप का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

गंगा तट पर बसे तंबुओं के शहर में सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती है। कहीं खिचड़ी की खुशबू महक रही है तो कहीं घर से लाए मावे के लड्डू और तरह-तरह के पकवानों से मेहमाननवाजी हो रही है। नाश्ते के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों का रुख करते हैं और दोपहर तक अपने तंबुओं में लौट आते हैं।

इस दौरान महिलाएं भोजन तैयार करने में जुटी रहती हैं, जबकि युवाओं की टोलियां मेले में घूमने-फिरने और मौज-मस्ती करती नजर आती हैं। बच्चे खेलकूद में व्यस्त हैं और परिवार के साथ आए लोग गंगा किनारे बैठकर मेले की यादें संजो रहे हैं। कोई मेले में खरीदारी कर रहा है तो कोई परिवार के साथ खाने-पीने का आनंद ले रहा है।

एक ओर श्रद्धालु गंगा की पवित्र धारा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेले की रौनक और अपनों का साथ उनके उत्साह को दोगुना कर रहा है। मुख्य स्नान पर्व तक मेले में भक्ति और उल्लास का यही माहौल बने रहने की उम्मीद है।