अमरोहा के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा नदी पर बनाया जा रहा पांटून पुल 20 नवंबर को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब केवल अंतिम तैयारियां बाकी हैं। कई दिनों तक दिन-रात चले निर्माण कार्य के बाद पुल अंतिम चरण में पहुंच गया है।

बुधवार को कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर पांटून पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। फिलहाल पुल के दोनों किनारों पर लाइट लगाने, सुरक्षा की दृष्टि से जाल लगाने और पैदल आवागमन के लिए लोहे की चादर बिछाने का कार्य शेष है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। जब तक पुल की सभी तैयारियां पूरी नहीं हो जातीं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो जाते, तब तक इसे आवागमन के लिए चालू नहीं किया जाएगा। शेष कार्य जल्द पूरा कर पुल को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी है।

पांटून पुल शुरू होने से गढ़ और तिगरी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। दोनों ओर के श्रद्धालु पुल के माध्यम से एक-दूसरे मेले में आसानी से आ-जा सकेंगे और दोनों मेलों का आनंद उठा सकेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा पांटून पुल निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद प्रशासन ने कार्य में तेजी दिखाई थी। प्रशासनिक अधिकारी लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे और रोजाना निरीक्षण किया जा रहा था। अब पुल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने से श्रद्धालुओं को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।