तिहाड़ जेल नंबर 1 के एक वॉर्ड में जेल कर्मियों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर तंबाकू की खेप बरामद की है। सूत्रों के मुताबिक इसका वजन 12 से 18 किलो के बीच है, हालांकि जेल प्रशासन से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। बरामद तंबाकू को जेल प्रशासन ने सीज कर दिया है और तिहाड़ हेडक्वार्टर प्रशासन एक कमेटी बनाकर मामले की छानबीन करा रहा है।
जेल सूत्रों के अनुसार तंबाकू की यह खेप कैदियों के सोने वाले फट्टे के साथ छिपाकर रखी गई थी। पता चला है कि जिस वॉर्ड से यह बरामदगी हुई, वहां रहने वाले एक कैदी को कुछ समय पहले मंडोली जेल में ट्रांसफर किया गया था और जेल प्रशासन को आशंका थी कि वह तंबाकू बेचने के धंधे में शामिल है। ऐसी भी आशंका जताई जा रही है कि उसी कैदी ने यह तंबाकू आगे बेचने के लिए किसी दूसरे कैदी को दिया होगा।
इस बरामदगी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जेल प्रशासन खुद यह पता लगा रहा है कि तंबाकू का सोर्स क्या है और यह आगे किन-किन वॉर्ड में पहुंचना था। गौरतलब है कि तिहाड़ जेल में ऐसे प्रतिबंधित पदार्थ की भारी मांग रहती है।
जांच में सामने आया है कि जेल में कोल्ड ड्रिंक के ढक्कन जितनी तंबाकू की कीमत 500 से 1500 रुपये तक होती है। मुलाकात या अस्पताल में इलाज के लिए जेल से बाहर जाने वाले कुछ कैदी इसे चोरी छिपे शरीर में छिपाकर अंदर ले आते हैं और फिर धीरे-धीरे इकट्ठा करके ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। यह भी पता चला है कि पकड़े जाने से बचने के लिए तंबाकू को कार्बन पेपर के अंदर रखकर लाया जाता है, क्योंकि स्कैनर में इसके पकड़े जाने की आशंका कम रहती है। जेल के अंदर लोग कागज के अंदर तंबाकू डालकर पीते हैं।
