तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद गहरा गया है। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के 24 नवंबर के आदेश की अनदेखी की। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि कोर्ट ने विवादित पहाड़ी पर सिकंदर बदुशा दरगाह के पास दीपथून में एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन इसके बावजूद 24 नवंबर को पारंपरिक उचि पिलयार मंडपम में दीपक जलाया गया। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि आदेश से बचने की जानबूझकर कोशिश की गई। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से इस मामले में आवेदन दाखिल करने को कहा है और कहा है कि वह उचित आदेश पारित करेगा।
इस बीच, कार्तिगई दीपम विवाद के बीच मंगलवार को BJP और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान इन संगठनों के करीब 300 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया, बल्कि उचि पिल्लैयार मंदिर के ऊपर महादीपम जलाया गया।
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच तीन दशक से विवाद चल रहा है। यह विवाद पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर है। हिंदू संगठन यहां दीप जलाने की मांग करते रहे हैं, जबकि दरगाह के पास होने के कारण इसका विरोध भी होता रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यह अनुमति केवल इस साल के लिए है और इससे भविष्य में दीप जलाने का कोई परंपरागत या कानूनी अधिकार स्थापित नहीं होगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि पहाड़ी पर मालिकाना हक, धार्मिक अधिकार और दीपथून की वास्तविक प्रकृति पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 में होगी।
