वॉशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ की और अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व की आलोचना की। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को भारत से सीखना चाहिए और अगर वहां भी इसी तरह की उदार नीति अपनाई जाए तो अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ सकती है। उन्होंने भारत की 7 फीसदी विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि ब्याज दरें कम होने पर अमेरिका की विकास दर 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
ट्रंप ने फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक होने का आरोप लगाया और देश की कम विकास दर के लिए ब्याज दरों में की गई बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे कम ब्याज दरें अमेरिका में होनी चाहिए। ट्रंप ने कहा कि जब भी देश के आर्थिक आंकड़े अच्छे होते हैं, फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है, जिससे नुकसान होता है। इस दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे।
ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन के कार्यकाल की तारीफ की और कहा कि वे बेहतरीन चेयरमैन थे, जो अच्छे आर्थिक आंकड़ों पर ब्याज दरें कम कर देते थे। बता दें कि फेडरल रिजर्व ने इसी साल सितम्बर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी, जो 2023 के बाद पहली बार थी। ट्रंप ने कटौती की मांग की थी, लेकिन फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केवल वॉर्श ने महंगाई से निपटने की जरूरत पर जोर दिया।
गौरतलब है कि एक समय ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड' बताया था। जुलाई 2025 में ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने भारत और रूस पर निशाना साधते हुए कहा था कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं मृत हैं। टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप ने लिखा था कि उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या करता है।
