हिंदू धर्म में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम और माता तुलसी का दिव्य विवाह रचाया जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार इस बार यह पर्व 21 नवंबर को मनाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में इस अवसर पर घर-आंगन में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। इस दिन तुलसी विवाह को पारंपरिक विवाह की तरह मनाया जाता है और महिलाएं लोकगीत गाती हैं। इन लोकगीतों में भक्ति और लोकजीवन की मिठास झलकती है।
तुलसी विवाह के अवसर पर 'आज दूल्हा बने शालिग्राम, सखियों नाचो री। सजी तुलसी मैया की बारात, सखियों नाचो री॥' जैसे लोकगीत बेहद उत्साह के साथ गाए जाते हैं। इन गीतों का भाव है कि इस शुभ अवसर पर भगवान शालिग्राम दूल्हा बनकर माता तुलसी से विवाह रचाने आए हैं और सखियां नाचकर उत्सव मना रही हैं।
इसी तरह 'तुलसी मैया के अंगना में बाजत बा बधाइयां, शालिग्राम संग रचलीं आजु सगाइयां' लोकगीत तुलसी विवाह के फेरों और कन्यादान के बाद घर की सुख-समृद्धि की कामना के साथ गाया जाता है। महिलाएं चुनरी, सिंदूर और आरती के साथ यह उत्सव मनाती हैं। 'तुलसा की आई है बारात मेरे आंगन में' और 'छोटी-सी तुलसी मैया, आंगन की शोभा रे' जैसे गीत भी इस अवसर पर गाए जाते हैं, जो आंगन में शालिग्राम और तुलसी के आगमन और पावन विवाह की भक्ति-भावना को दर्शाते हैं।
