चेन्नई: तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट से टीवीके विधायक वी एस बाबू का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है। वह 75 साल के थे। चेन्नई के एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इलाज के बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और गुरुवार को कार्डियक अरेस्ट आने के बाद दोपहर 2:24 बजे उनका निधन हो गया। उन्हें 9 सितंबर को सांस लेने में गंभीर परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह करीब 70 दिनों से आईसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहे थे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री विजय खुद एक बार उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे।
वी एस बाबू ने विधानसभा चुनाव में डीएमके सुप्रीमो और तत्कालीन मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को हराया था, जिसके बाद वे सुर्खियों में आए थे। कोलाथुर सीट पर उन्हें 82,997 वोट मिले थे, जबकि एम के स्टालिन को 74,202 वोट मिले थे। इस तरह बाबू ने स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था। स्टालिन 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और उनकी हार को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर माना गया था।
वी एस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी। बाद में वे एआईएडीएमके और फिर टीवीके में गए थे। फरवरी, 2026 में उन्होंने एआईएडीएमके छोड़कर टीवीके जॉइन किया था और टीवीके में उनकी पारी बेहद छोटी रही।
वी एस बाबू के निधन से कोलाथुर सीट खाली हो गई है और अब यहां उपचुनाव होगा। उनके निधन से मुख्यमंत्री विजय को झटका लगा है।
