उज्जैन के ढेंढिया गांव में आकार ले रहे श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए और श्रृंगेरी शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। सीएम ने शंकराचार्य को अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर अभिनंदन किया।

नवनिर्मित मठ में मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, भगवान गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमानजी और नवग्रह देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक अनुष्ठान हुआ, जिसमें सीएम ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। प्राण प्रतिष्ठा और पूजन की विधियां श्रृंगेरी मठ, कर्नाटक से आए विद्वान ब्राह्मणों के दल ने संपन्न कराईं।

जगद्गुरु शंकराचार्य अपनी धर्म विजय यात्रा के तहत मध्यप्रदेश प्रवास पर हैं। 25 नवंबर की शाम उनका उज्जैन आगमन हुआ और यहां उनका प्रवास 28 नवंबर तक रहेगा। इस दौरान श्रृंगेरी मठ में धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन होंगे, जहां श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वचन का अवसर मिलेगा। यात्रा का उद्देश्य भारतीय सनातन वैदिक परंपरा, धर्म और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। इंदौर और महेश्वर के बाद उज्जैन प्रवास निर्धारित किया गया है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का उज्जैन आगमन और उनका आशीर्वाद मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने सनातन धर्म की ध्वजा देशभर में स्थापित करने का महान कार्य किया था। सीएम ने कहा कि अब शंकराचार्य अपने भ्रमण के दौरान उज्जैन आकर यहां स्थायी रूप से रुक सकेंगे। राज्य सरकार का प्रयास है कि श्रृंगेरी मठ सहित चारों मठों के सभी शंकराचार्यों के स्थायी आवास उज्जैन में विकसित हों। उन्होंने बताया कि प्रथम शंकराचार्य का स्थान उज्जैन में स्थापित हो चुका है और द्वारका शंकराचार्य जी ने भी उज्जैन में स्थान के लिए स्वीकृति दी है, जिसका निर्माण कार्य जारी है। सीएम ने कहा कि उज्जैन को विश्व धरोहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं और सिंहस्थ-2028 के दौरान तथा उसके बाद भी श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में ये आध्यात्मिक केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।