प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होनी है। बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। सत्र में पेश होने वाले बिलों को मंजूरी दिए जाने और कई योजनाओं के प्रस्तावों पर भी सहमति बन सकती है।

इससे पहले 18 नवंबर को भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस बैठक में गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने प्रेजेंटेशन दिए थे। बैठक में गरीबी घटाने के लिए सरकार की योजनाओं की सराहना की गई थी।

बैठक में विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का भी जिक्र हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए और इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर में 90% की कमी दर्ज की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा था कि भारत की संस्कृति 'खाओ पियो और मौज करो' वाली नहीं है। उन्होंने चिंता जताई थी कि गरीबी से बाहर निकले कई लोग गलत तरीके से पैसे खर्च करने के कारण दोबारा गरीबी में जा सकते हैं। बैठक में विकसित भारत के मिशन पर फोकस किया गया था।