उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भगवान श्रीकृष्ण की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी पीडीए और सॉफ्ट हिंदुत्व के जरिए भाजपा को घेरने की कोशिश में है, तो भाजपा ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
मथुरा में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठा और तीसरी बार सरकार बनने की स्थिति में छह माह के भीतर वहां मंदिर निर्माण की बात कही गई। भाजपा के एजेंडे में अयोध्या, काशी और मथुरा प्राथमिकता में रहे हैं; अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार है और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर आकार ले चुका है।
दूसरी ओर, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए बयान को लेकर सपा ने विवाद खड़ा किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रतापगढ़ के कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे यादव और माधव को एक मानते हैं और विरोध करने वालों से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर औरंगजेब के कलंक को मिटाने के लिए कारसेवा में साथ चलने की बात कही। इधर, भाजपा के कार्यक्रम के बाद सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इस मुद्दे को चुनाव में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए उठाए जाने की बात कही।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कई स्थानों पर बुलडोजर बाबा कहा था, जो चुनावी मुद्दा बना। अब माना जा रहा है कि आगामी चुनाव में भगवान श्रीकृष्ण प्रदेश के राजनीतिक माहौल को प्रभावित कर सकते हैं।
