उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। मंगलवार को जारी इस कैलेंडर में साल 2027 के लिए कुल 27 सार्वजनिक अवकाश और 27 निर्बन्धित अवकाश तय किए गए हैं। सरकार ने इस बार तीन प्रमुख पर्वों को निर्बन्धित श्रेणी से हटाकर सार्वजनिक अवकाशों में शामिल किया है, जिनमें मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती शामिल हैं।
सार्वजनिक अवकाशों की सूची के अनुसार 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 20 फरवरी को संत रविदास जयंती, छह मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। इसके अलावा 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी, 19 अप्रैल को महावीर जयंती, 17 मई को ईदुज्जुहा, 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा और 16 जून को मोहर्रम पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। महर्षि वाल्मीकि जयंती को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट के अधीन नहीं रखा गया है, इस दिन बैंक और वित्तीय संस्थान खुले रहेंगे।
कैलेंडर के मुताबिक होली पर चार दिन की छुट्टी मिलेगी। 20 मार्च को शनिवार और 21 मार्च को रविवार पड़ने से 20 से 23 मार्च तक अवकाश रहेगा। अक्टूबर में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के साथ तीन दिन का अवकाश बन रहा है। वर्ष 2027 में छह सार्वजनिक अवकाश शनिवार को और चार रविवार को पड़ेंगे। पांच दिवसीय सप्ताह वाले कर्मचारियों को शनिवार को पड़ने वाले छह सार्वजनिक अवकाशों का लाभ नहीं मिलेगा, जबकि छह दिवसीय सप्ताह वाले कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
निर्बन्धित अवकाशों की सूची में एक जनवरी को नव वर्ष दिवस, 24 जनवरी को शबे बारात व जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म दिवस, 11 फरवरी को बसंत पंचमी, पांच मार्च को जमात-उल-विदा, 27 मार्च को ईस्टर सैटरडे और 29 मार्च को ईस्टर मंडे शामिल है। इसके अलावा चेटी चंद, परशुराम जयंती, महाराणा प्रताप जयंती, चेहल्लुम, अनंत चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा, महाराजा अग्रसेन जयंती, नरक चतुर्दशी, छठ पूजा, वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस, हजरत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती का ऊर्स, चौधरी चरण सिंह जन्म दिवस और क्रिसमस ईव जैसे अवसर निर्बन्धित अवकाशों में रखे गए हैं।
