उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार को 10 आईपीएस और 18 पीपीएस अधिकारियों समेत कुल 28 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा कमिश्नरेट समेत कई जिलों और कमिश्नरेट में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, पीएसी और विशेष सुरक्षा बल में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में 2020, 2021 और 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ के पद से हटाकर अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में भेजा गया है। नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी से हटाकर अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी दी गई है। कानपुर नगर कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात किया गया है, जबकि लखनऊ कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त अमित कुमावत को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है। शैव्या गोयल को भी गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है और माविस टॉक को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिली है।
आईपीएस अधिकारियों में किरण यादव को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), पुष्कर वर्मा को फतेहगढ़, आदित्य को बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और भंवरे दीक्षा अरुण को पीटीएस मेरठ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
पीपीएस अधिकारियों की सूची में भी बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। मुरादाबाद में नगर क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह को आजमगढ़ में ग्रामीण क्षेत्र का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र स्थानांतरित किया गया है। देवेंद्र सिंह को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर से शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है और पीयूष कुमार सिंह को मैनपुरी में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की तैनाती मिली है। अभिषेक तिवारी को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मुरादाबाद, गिरीश कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) अलीगढ़ तथा पंकज कुमार श्रीवास्तव को मऊ में तैनाती दी गई है।
इंदुप्रभा सिंह को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) बनाया गया है। अतुल कुमार चौबे को मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), ममता कुरील को मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), नितिन कुमार सिंह को पीटीएस मुरादाबाद और नवीना शुक्ला को एसीओ मुख्यालय लखनऊ में तैनाती दी गई है। नवीन कुमार सिंह को डीजीपी का स्टाफ अफसर बनाया गया है। विभा सिंह को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ तथा राघवेंद्र कुमार मिश्र को पांचवीं वाहिनी एसएसएफ सहारनपुर में उप सेनानायक बनाया गया है। अरुण कुमार सिंह द्वितीय को आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और डा. हृदयेश कठेरिया को यातायात निदेशालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
