उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर पोखरी गांव में सड़क सुविधा न होने से ग्रामीणों को आपात स्थिति में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह 67 वर्षीय नत्थी देवी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों और ग्रामीणों को उन्हें डंडी-कंडी के सहारे कठिन रास्ते से मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा। जमुन सिंह राणा की पत्नी नत्थी देवी को पक्षाघात (स्ट्रोक) की आशंका के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। गांव तक सड़क न होने के कारण वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए ग्रामीणों ने बुजुर्ग महिला को पैदल उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और फिर अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर भेजे जाने की सूचना है।

यह घटना पोखरी गांव के उन लोगों की बेबसी को भी दर्शाती है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर बीमारी और आपातकाल तक सड़क के अभाव का सामना करना पड़ता है। जिला मुख्यालय के इतने करीब होने के बावजूद गांव में सड़क सुविधा न होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों के लिए स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह कैन्तुरा के अनुसार वर्ष 2004 से गांव को सड़क से जोड़ने की मांग उठाई जा रही है। इस मांग को लेकर वर्ष 2018 में कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन भी किया गया था। उन्होंने बताया कि मंत्री-विधायक को भी कई बार पत्र लिखा गया है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। ग्राम प्रधान ने चेतावनी दी है कि जल्द गांव को सड़क से नहीं जोड़ा गया तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।