वैशाली में पांच सितारा होटल बनाने की योजना फिलहाल रोक दी गई है। पर्यटन विभाग ने संशोधित योजना को स्वीकृति देते हुए अब पांच एकड़ भूमि पर पांच सितारा रिजॉर्ट बनाने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त को दी गई है और पर्यटन विभाग के सचिव ने संकल्प पत्र जारी कर इसे बिहार राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित करने का निर्देश दिया है।
मूल रूप से वैशाली में 10 एकड़ भूमि पर पांच सितारा होटल बनाने की स्वीकृति दी गई थी। संशोधन के बाद अब पांच एकड़ भूमि पर रिजॉर्ट निर्माण को उपयुक्त बताया गया है। विभाग के अनुसार होटल की तुलना में रिजॉर्ट पर्यटकों के लिए बेहतर विकल्प है। होटल मुख्य रूप से उच्च स्तरीय आवास, आतिथ्य और व्यावसायिक सुविधाओं पर केंद्रित होता है, जबकि रिजॉर्ट गुणवत्तापूर्ण आवास के साथ प्राकृतिक और मनोरम परिवेश में विश्राम, मनोरंजन, सामाजिक आयोजनों, आउटडोर गतिविधियों और विविध पर्यटन अनुभवों की समेकित सुविधाएं देता है।
वैशाली भगवान महावीर की जन्मभूमि और भगवान बुद्ध की कर्मभूमि है। अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप, अभिषेक पुष्करणी और विश्व शांति स्तूप पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हर साल यहां हजारों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं, लेकिन ठहरने की अच्छी व्यवस्था नहीं थी। इसे देखते हुए पर्यटन विभाग ने पांच सितारा रिजॉर्ट बनाने का निर्णय लिया है।
रिजॉर्ट में केवल कमरे नहीं होंगे, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और बिहार के स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था भी रहेगी। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार बोधगया, नालंदा और राजगीर की तरह वैशाली भी बड़े पर्यटन सर्किट में शामिल होगा और बौद्ध सर्किट में इसकी स्थिति मजबूत होगी।
