उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पिछले सप्ताह AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने की घोषणा की थी। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया है, और दोनों दलों ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।

इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के पूर्व प्रवक्ता रहे विजेता दहिया ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट कर अपनी राय रखी। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की 'बी टीम' कहे जाने पर नाराजगी जताई। दहिया ने कहा कि जब दिल्ली में चुनाव हुए तो कांग्रेस का कोई चांस नहीं था, फिर भी उसने चुनाव लड़ा, जीरो सीट आई लेकिन कई सीटों पर वोट कटे और भाजपा जीती। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने का लोकतांत्रिक अधिकार है तो कोई और चुनाव लड़े तो वह बी टीम कैसे हो जाता है। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि AIMIM के बारे में कहा गया था कि उसे जीतना नहीं है, लेकिन अंत में कांग्रेस ने 6 और AIMIM ने 5 सीटें जीतीं।

विजेता दहिया ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद से कई बार सीट शेयरिंग का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन तब कोई दल आगे नहीं आया। कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये दल दलितों और मुस्लिमों को अपना वोट बैंक मानते हैं, लेकिन उनके लिए आवाज नहीं उठाते। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर ये पार्टियां सच में इन वर्गों का वोट चाहती हैं तो उन्हें इनके लिए आवाज उठानी होगी।