पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर मेडिकल उपकरण उद्योग की आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ा है। ग्वालियर समेत मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सिरिंज, आइवी सेट, ग्लब्स और कैथेटर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इन उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला मेडिकल-ग्रेड पालीप्रोपाइलीन 30 से 50 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। लागत बढ़ने से कंपनियों ने आपूर्ति रोक दी है, जबकि नई दरों पर रेट कांट्रेक्ट न होने से खरीदी प्रक्रिया भी अटकी हुई है।

सर्जिकल कारोबारियों के मुताबिक, पहले 134 रुपये में मिलने वाला सर्जिकल सामान अब 200 रुपये का हो गया है। पांच एमएल की सिरिंज की कॉर्पोरेशन खरीद दर 1.89 रुपये थी, जो बढ़कर करीब दो रुपये होने का अनुमान है। आइवी सेट की कीमत पांच रुपये से बढ़कर 7.50 रुपये और कैथेटर की कीमत 25 रुपये से बढ़कर करीब 50 रुपये तक पहुंचने की संभावना है। कुछ उत्पादों की लागत में इतना अंतर आ गया है कि निर्माता पुराने अनुबंध के तहत आपूर्ति के लिए तैयार नहीं हैं।

मेडिकल सामान के उत्पादन में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस आधारित पेट्रोकेमिकल कच्चे माल का उपयोग होता है। इनके आयात के प्रमुख स्रोतों में चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, ताइवान, अमेरिका और खाड़ी देश (सऊदी अरब, कतर आदि) शामिल हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री परिवहन बाधित होने से तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे कच्चे माल की कीमत, माल ढुलाई और बीमा महंगा हो गया है।

जेएएच के सेंट्रल मेडिसिन स्टोर के नोडल अधिकारी डॉ. देवेन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि सर्जिकल सामान के साथ दवाओं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उनके मुताबिक, ऑर्डर लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक सप्लाई नहीं हुई है और कई ऑर्डर कैंसिल भी हुए हैं।