मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर राम मंदिर का विरोध करने तथा रामभक्तों के अपमान का आरोप लगाया है। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इन दलों का इतिहास राम मंदिर विरोध का रहा है और ये अयोध्या व सनातन आस्था को बदनाम करने के लिए कुछ न कुछ स्वांग रचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस घोषित रामद्रोही हैं और राम भक्तों के खून से इनके हाथ सने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों को अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को सीएम ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभिनंदनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि दिवंगत मतदाताओं के नाम हटने चाहिए और जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम सूची में नहीं होना चाहिए, जबकि हर वयस्क भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए। वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नाकामी को कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी एसआईआर के नाम पर डालने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं और इन पर उंगली उठाना संविधान निर्माताओं का अपमान है।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित स्वायत्त ट्रस्ट है और उसके कार्यों में केंद्र या राज्य सरकार का हस्तक्षेप नहीं होता। मामला सामने आने पर ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज कराई और सरकार ने तत्काल एसआईटी गठित की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हुई और सुप्रीम कोर्ट ने पूरी प्रक्रिया व तथ्यों पर संतुष्टि जताते हुए आगे की सजा संबंधी कार्रवाई निचली अदालत पर छोड़ दी है।

अपने भविष्य के विजन पर सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 2029-30 और प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर उस पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029-30 तक यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए में पंडित जोड़ने संबंधी बयान पर कहा कि सपा का वास्तविक चेहरा देखना हो तो दादरी में अखिलेश के कार्यक्रम में शामिल उनकी ही पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान के साथ प्रतापगढ़ के सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल और पूर्व सांसद राजाराम पाल के बयानों को भी देखा जाना चाहिए।