लखनऊ के गोमती तीरे 1090 चौराहे पर मंगलवार को 'योगी की पाती' और 'रंग दे बसंती' कार्यक्रम आयोजित हुआ। 'योगी की पाती' में लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल की सराहना की और कैनवास पर अपने मनोभाव लिखे। वहीं 'रंग दे बसंती' के मंच पर अध्यात्म, सूफी और भारतीय संस्कृति का संगम हुआ।
'योगी की पाती' के 50 सप्ताह से अधिक होने पर जनप्रतिनिधियों ने भी मंगलवार को अवलोकन किया। सलोन विधायक अशोक कुमार ने दोपहर में कार्यक्रम का अवलोकन किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बने सर्वोत्तम प्रदेश के बारे में अपने विचार साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना से 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में आए बदलाव को भी रेखांकित किया। प्रदेशवासियों ने मंच पर लगे कैनवास पर अपने मनोभाव लिखे। लखनऊ की अमृता साहू ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन और विचार मार्गदर्शन करते हैं। अलीगढ़ के चंद्र प्रकाश सिंह ने 'योगी की पाती' को संवाद का बेहतरीन माध्यम बताया, जबकि महेश चंद्र विंद ने सीएम योगी की विचारधारा से समूचे प्रदेशवासियों को प्रभावित बताया।
'रंग दे बसंती' के मंच पर आरजे प्रतीक ने गाइये गणपति जगवंदन, हनुमान चालीसा, श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में, हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय, ॐ नमः शिवाय, वृंदावन जाऊंगी- कभी न लौटकर आऊंगी और गोपाष्टमी पर छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल सहित भजनों की प्रस्तुति दी। प्रतीक के भजनों पर युवा थिरक उठे। गिटार पर आर्यन, कीबोर्ड पर अर्जुन और ड्रम पर विट्ठल ने संगत की।
कार्यक्रम के दौरान क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें विनायक, आयुष पटेल और शिवम माधव ने सही जवाब देकर जीत हासिल की। अंत में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने गायकों, वाद्ययंत्र कलाकारों और क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया।
