आगरा में लंबित यातायात चालानों के निस्तारण के लिए शनिवार को दीवानी परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित यातायात चालानों और संबंधित मामलों का निस्तारण कराया जा सकेगा। इसका उद्देश्य लोगों को त्वरित, सुलभ और सरल न्याय उपलब्ध कराना तथा लंबित चालानों का अधिकाधिक निस्तारण सुनिश्चित करना है।

लोक अदालत में यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े ऐसे चालानों और मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा, जो लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जाने योग्य हैं। वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए पेमेंट सेतु ऐप के जरिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे पात्र लंबित चालानों का भुगतान घर बैठे किया जा सकेगा और न्यायालय पहुंचने की आवश्यकता भी कम होगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार प्रथम ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने लंबित यातायात चालानों की जानकारी प्राप्त कर विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं और पेमेंट सेतु ऐप के माध्यम से भुगतान कर पात्र चालानों का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम नागरिकों को न्यायालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय एवं धन की बचत होगी।