ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की नाइट आउट की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिन्हें फैशन डिजाइनर और राजनेता शाइना एनसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। इन तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं। शाइना ने तस्वीरों के साथ एक लंबा पोस्ट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को याद किया।
शाइना एनसी ने बताया कि उनका और ऐश्वर्या का रिश्ता कई दशकों पुराना है। उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने 18 साल की उम्र में फैशन डिजाइनिंग शुरू की थी, तब ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड बनी थीं। शाइना के मुताबिक, कुछ दोस्तियों के लिए लगातार संपर्क की जरूरत नहीं होती, उन्हें बस भरोसे की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि 35 साल बाद भी वे वहीं से शुरू करते हैं जहां उन्होंने छोड़ा था।
ऐश्वर्या की तारीफ में शाइना ने लिखा कि उनके बीच कोई दिखावा नहीं है, बस पुराने अपनेपन का एहसास है जो सिर्फ समय ही बना सकता है। उन्होंने कहा कि पुरानी दोस्ती में उन्हें जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, वह है कम्फर्ट। शाइना ने ऐश्वर्या के साथ अपने रिश्ते का जिक्र करते हुए अपनी साड़ियां पहनने से लेकर अपने सोशल कामों और कैंसर मरीजों को सपोर्ट करने तक का भी उल्लेख किया।
बताते चलें कि पिछले कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, दोनों हाल ही में मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में भी साथ पहुंचे थे, जहां उन्होंने हाथ पकड़कर एंट्री की और साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। अभिषेक बच्चन जल्द ही फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ दिखाई देंगे। खबरों के मुताबिक, फिल्म में उनका किरदार नेगेटिव होगा और इसमें सुहाना खान तथा दीपिका पादुकोण भी अहम रोल में हैं। फिल्म की रिलीज 24 दिसंबर बताई जा रही है।
