देश के बैंक और वित्तीय संस्थान ग्राहकों को कई तरह के लोन देते हैं। जब लोन लेने वाला अपना कर्ज खत्म करना चाहता है, तो उसके पास लोन क्लोजर और लोन सेटलमेंट दो विकल्प होते हैं। लोन क्लोजर में कर्ज की पूरी बकाया राशि यानी मूलधन, ब्याज और अन्य शुल्क का भुगतान करके खाता आधिकारिक रूप से बंद कराया जाता है। वहीं लोन सेटलमेंट उस स्थिति में चुना जाता है जब कर्ज लेने वाला आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा हो और पूरी राशि नहीं चुका सकता। इसमें वह बैंक से समझौता करके बकाया राशि से कम पैसे देकर खाता बंद कराने का अनुरोध करता है।

दोनों विकल्पों का असर क्रेडिट स्कोर पर अलग-अलग पड़ता है। लोन क्लोजर से क्रेडिट स्कोर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और समय के साथ स्कोर मजबूत होता है। क्रेडिट रिपोर्ट में इसे "क्लोज्ड" के रूप में दर्ज किया जाता है और भविष्य में लोन मिलना आमतौर पर आसान रहता है। इसके विपरीत लोन सेटलमेंट का क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक असर पड़ता है और स्कोर में बड़ी गिरावट आती है। रिपोर्ट में इसे "सेटल्ड" या "सेटलमेंट" के रूप में दर्ज किया जाता है, जिसे भविष्य के लेंडर जोखिम मानते हैं। ऐसे में कई बैंक और एनबीएफसी नया लोन या क्रेडिट कार्ड देने में हिचकिचाते हैं।

दस्तावेजों की बात करें तो लोन क्लोजर पर नो ड्यूज सर्टिफिकेट या लोन क्लोजर सर्टिफिकेट मिलता है, जबकि लोन सेटलमेंट में सेटलमेंट लेटर और भुगतान के बाद सेटलमेंट क्लोजर या नो ड्यूज लेटर दिया जाता है।

एक्सपर्ट के अनुसार, जो व्यक्ति लोन की पूरी बकाया राशि चुकाने में सक्षम है, उसे लोन क्लोजर का विकल्प चुनना चाहिए, क्योंकि इससे आगे लोन लेने में आसानी होती है और सिबिल स्कोर भी ठीक रहता है। वहीं जो व्यक्ति वित्तीय संकट से परेशान है और पूरी राशि नहीं चुका सकता, उसके पास अंतिम विकल्प के तौर पर लोन सेटलमेंट भी उपलब्ध है। लोन के लिए क्रेडिट स्कोर 750 या उससे अधिक होना चाहिए।