कोल इंडिया के अधिकारियों को पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर की दूसरी किस्त दिसंबर में मिलेगी। सक्षम प्राधिकार ने नवंबर 2026 की सैलरी के साथ बकाया राशि का 40 प्रतिशत भुगतान करने की मंजूरी दे दी है। कंपनी प्रबंधन ने सभी अनुषंगी कंपनियों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रबंधन के अनुसार, नवंबर 2026 की सैलरी का भुगतान दिसंबर में किया जाएगा और उसी के साथ एरियर की दूसरी किस्त भी जारी की जानी है। यदि किसी अनुषंगी कंपनी को फंड की कमी के कारण सैलरी के साथ भुगतान करने में परेशानी हो, तो वह इसके बाद जल्द से जल्द भुगतान करेगी। हालांकि, किसी भी स्थिति में 31 दिसंबर 2026 तक भुगतान सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।

ऑफ-रोल पात्र अधिकारियों के लिए भी प्रबंधन ने राहत भरा प्रावधान किया है। जिन अधिकारियों के एरियर बिल का ऑडिट पूरा हो चुका है, उनके भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। जिन अनुषंगी कंपनियों ने अब तक ऑफ-रोल पात्र अधिकारियों को पहली किस्त का भुगतान नहीं किया है, वे ऑडिट पूरा होने के बाद पहली और दूसरी दोनों किस्तों की राशि एक साथ जारी कर सकती हैं। इस तरह संबंधित पात्र अधिकारियों को कुल 80 प्रतिशत एरियर एकमुश्त मिल सकेगा।

पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर के भुगतान का लंबे समय से इंतजार कर रहे कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के अधिकारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है। दूसरी किस्त के भुगतान को मंजूरी मिलने और 31 दिसंबर की अंतिम समय-सीमा तय होने से अधिकारियों में खुशी का माहौल है।