पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) योजना सुरक्षित निवेश विकल्पों में मानी जाती है, जिसमें गारंटीड रिटर्न मिलता है। इस समय 5 साल की इस योजना पर 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दिया जा रहा है और ब्याज की गणना तिमाही आधार पर कंपाउंडिंग के साथ होती है। यानी हर तीन महीने में जमा रकम और उस पर जुड़े ब्याज के आधार पर ब्याज जोड़ा जाता है।

अगर कोई निवेशक इस योजना में हर महीने 2,000 रुपये जमा करता है, तो 5 साल यानी 60 महीनों में उसकी कुल जमा राशि 1,20,000 रुपये होगी। मैच्योरिटी पर अनुमानित ब्याज करीब 22,732 रुपये होगा। इस तरह 5 साल बाद निवेशक को कुल मिलाकर लगभग 1,42,732 रुपये मिलने का अनुमान है।

इस योजना में कोई भी भारतीय नागरिक खाता खुलवा सकता है। सिंगल अकाउंट के अलावा तीन वयस्क मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। बच्चों के नाम पर अभिभावक खाता खुलवा सकते हैं। कम रिस्क और गारंटीड रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के लिए यह विकल्प उपयुक्त माना जाता है।

गौरतलब है कि यह गणना 6.7 फीसदी की मौजूदा ब्याज दर के आधार पर की गई है। ब्याज दर में बदलाव होने पर मैच्योरिटी राशि भी बदल सकती है।