भारतीय शेयर बाजार में नवंबर के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने जोरदार वापसी की है। अस्थायी नकद बाजार आंकड़ों के अनुसार, इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने लगभग 1,29,579 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की। इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस अवधि में करीब 55,454 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की। इसके बावजूद कुल संस्थागत निवेश प्रवाह लगभग 74,125 करोड़ रुपए सकारात्मक रहा। विश्लेषकों के अनुसार, अक्टूबर में भारी बिकवाली के बाद यह एक बड़ा बदलाव है।
हालांकि सप्ताह के दौरान विदेशी निवेश का प्रवाह जारी रहा, लेकिन खरीदारी की गति धीमी पड़ी। 23 से 27 नवंबर के बीच FII ने लगभग 17,630 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की, जबकि इससे पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 32,647 करोड़ रुपए था। औसत दैनिक FII निवेश भी घटकर 4,407 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले सप्ताह 6,529 करोड़ रुपए प्रतिदिन था।
मजबूत विदेशी निवेश के बावजूद शेयर बाजार इस सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ और चार सप्ताह से जारी तेजी का सिलसिला टूट गया। निफ्टी सप्ताह के दौरान 0.75 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,339.26 पर बंद हुआ। सबसे अधिक दबाव बैंकिंग शेयरों में रहा और बैंक निफ्टी 2.47 प्रतिशत गिरकर 63,040.90 पर बंद हुआ।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर की तेजी को आगे बढ़ाने वाले बैंकिंग शेयरों में निवेशकों ने बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली की। इसके साथ ही घरेलू महंगाई को लेकर चिंताएं, आरबीआई की संभावित सख्त मौद्रिक नीति और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी बाजार भावना को प्रभावित किया। सेक्टोरल प्रदर्शन मिश्रित रहा। निफ्टी आईटी सप्ताह का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सूचकांक रहा और इसमें लगभग 4.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि मीडिया इंडेक्स करीब 4.6 प्रतिशत टूट गया। पीएसयू बैंक सूचकांक में लगभग 4 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर रियल्टी, फार्मा और डिफेंस शेयरों में अपेक्षाकृत मजबूती देखने को मिली।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गई है, निवेश की सलाह नहीं। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
