आलीराजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बीमार आवारा कुत्ता मरीज के बेड पर सोता मिला है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुत्ते के शरीर से बाल झड़ चुके थे और वह बीमार व कृशकाय लग रहा था। वह दोपहर करीब 12 बजे तक जनरल वार्ड के बेड पर पड़ा रहा।

चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जनरल वार्ड की यह घटना अस्पताल में साफ-सफाई और मरीजों की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर में मौजूद किसी भी कर्मचारी ने कुत्ते को वहां से हटाने की कोशिश नहीं की। जिस बेड पर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाना चाहिए, वहां आवारा कुत्ते की मौजूदगी अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठा रही है।

पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश वास्केल ने चेताया है कि ऐसे संक्रमित कुत्तों के संपर्क में आने से इंसानों, विशेषकर बच्चों में स्केबीज (खुजली संबंधी त्वचा रोग) जैसी समस्या फैलने का खतरा हो सकता है। ऐसे में जनरल वार्ड में बीमार आवारा पशु का खुलेआम मौजूद रहना मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।

इस घटना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, वार्डों की निगरानी और आवारा पशुओं को अस्पताल परिसर से दूर रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों के उपचार के लिए बने अस्पताल में इस तरह की लापरवाही संक्रमण के खतरे को बढ़ा सकती है।