बदायूं के मुहल्ला शिवपुरम गली नंबर दो निवासी बृजनंदन लाल गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने परिवार के लिए शहर की प्रतिष्ठित दुकान नैना स्वीट्स से मिठाई लाई थी, जिसमें फफूंद लगी थी। शिकायत के मुताबिक, मिठाई तोड़ने पर उसके अंदर सफेद और हरे रंग की फफूंदी दिखी और मावा खराब निकला। तब तक परिवार के कई सदस्य मिठाई खा चुके थे, जिसके बाद कुछ को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई।
गुप्ता का कहना है कि मिठाई खाना रोककर बची हुई मिठाई सबूत के तौर पर संभाल ली गई है और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से नैना स्वीट्स की तत्काल जांच, मिठाई के सैंपल लेने और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि त्योहारों के समय मिठाई की मांग बढ़ जाती है, इसलिए जांच न होने पर और परिवार बीमार पड़ सकते हैं।
दूसरी ओर, नैना स्वीट्स के मालिक अनेक पाल ने कहा है कि ग्राहकों की भीड़ देख यह षड़यंत्र किया गया है। उनके मुताबिक, उसी दिन ग्राहक से बात के बाद मिठाई चेक की गई थी और तब तक सब सही था। बातचीत के बाद उन्होंने ग्राहक के घर जाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला।
सहायक खाद्य आयुक्त सुखलाल यादव ने बताया कि इस तरह की शिकायत मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
