पूर्वी चंपारण के आदापुर में पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और 1.70 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। हरपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को आदापुर रेलवे स्टेशन के पास एक चाय दुकान से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक ने तीन दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए हथियार लेकर पहुंचने और संबंधित लड़कों की हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार युवक की पहचान बेलवा गिरि टोला निवासी बाल्मिकी गिरि के पुत्र विपुल गिरि उर्फ संजय गिरि के रूप में हुई है। चाय की दुकान प्रदीप गिरि की बताई गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आदापुर में एक युवक कमर में देसी कट्टा रखकर घूम रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद हरपुर थाने की गश्ती टीम को चिह्नित चाय दुकान पर भेजा गया, जहां युवक बैठा मिला। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि तीन दिन पहले कुछ लड़कों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी का बदला लेने के उद्देश्य से वह आदापुर स्टेशन के पास हथियार लेकर उन लड़कों का इंतजार कर रहा था। उसने पुलिस को बताया कि यदि वे लोग स्टेशन के पास नहीं आते तो वह उनके घर जाकर उनकी हत्या कर देता। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान कमरे की दीवार में बने एक छेद से दो पैकेट बरामद किए गए, जिनमें चरस जैसा मादक पदार्थ रखा हुआ था। पुलिस ने इसका वजन कराया, जो एक किलो 70 ग्राम बताया गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है। उसने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल होने के साथ उत्तर प्रदेश के कई संगठनों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने की बात भी कही है। डीएसपी ने बताया कि युवक के स्वीकारोक्ति बयान का सत्यापन करने के लिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश भेजी जाएगी। पूछताछ के बाद गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान हरपुर पुलिस टीम के साथ आदापुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।