नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। पुलिस ने सूचना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बच्ची का मुंहबोला मामा बताया जाता है, जो परिवार से परिचित था और उनके घर आना-जाना था। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार, 19 नवंबर को एक व्यक्ति ने बादलपुर थाने में अपनी नाबालिग भांजी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों को बताया गया था कि बच्ची को गांव के रहने वाले रोहित उर्फ चंद्रा के साथ देखा गया। बच्ची उसे मामा कहती थी।
परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और बच्ची को खोजने के लिए तीन टीमें तैनात कीं। पुलिस ने बच्ची को सकुशल तलाश लिया। आरोपी को पकड़ने के लिए जब पुलिस आगे बढ़ी, तो वह बाइक से भागने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के इरादे से गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन के अनुसार, पीड़िता की हालत ठीक है और उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
