रायपुर पुलिस ने नवजात शिशु को बेचने की कोशिश के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आजाद चौक थाना पुलिस के अनुसार ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ, जिसने निशुल्क प्रसव और उपचार का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया। रायपुर आने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई तथा उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर तीनों महिलाओं ने उसके नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला के मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया तथा चार नवंबर को प्रसव के बाद नवजात शिशु सहित उसे अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रायपुर निवासी कृतिका साहू और अहिल्या नामदेव तथा भिलाई निवासी गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता की जानकारी दी है।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों तथा पूर्व में हुई घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की तलाश की जा रही है और जांच में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
