शाहपुर (आरा) के धर्मावती नदी तटीय दियारा इलाकों में मटर-छेमी की फसल लहलहा रही है। फसल की अच्छी बढ़वार से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहा और फसल रोग व कीटों से सुरक्षित रही तो दिसंबर के पहले सप्ताह से मटर-छेमी की पहली उपज बाजार में पहुंचने लगेगी, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हो सकती है।
शाहपुर प्रखंड के सहजौली, सुहिया, बरिसवन, बहोरनपुर, हिरखी पिपरा और बुझाराय का डेरा सहित दियारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर मटर-छेमी की खेती की गई है। इस वर्ष प्रखंड में करीब चार से पांच हजार एकड़ भूमि पर इसकी खेती होने का अनुमान है। मटर-छेमी दियारा क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है।
इस बार मौसम की परिस्थितियों के कारण बुवाई दो चरणों में हुई। कुछ किसानों ने अर्नब तूफान से करीब एक सप्ताह पहले बुवाई की थी, जबकि बड़ी संख्या में किसानों ने तूफान के बाद बीज बोए। दोनों चरणों की बुवाई में करीब 20 दिनों का अंतर होने से फसल अलग-अलग समय पर तैयार होगी, जिससे किसानों को उपज दो चरणों में बाजार पहुंचाने का लाभ मिल सकता है। शाहपुर कृषि ग्रीन सेंटर के संचालक श्याम सुंदर सिंह कुशवाहा के अनुसार इस वर्ष हरिभजन प्रजाति के मटर के बीज की करीब 200 टन बिक्री हुई है।
फसल की बढ़वार के साथ किसानों के सामने कीटों से बचाव की चुनौती भी है। कई खेतों में पौधों पर छोटे-छोटे कीट दिखाई देने लगे हैं। बहोरनपुर पैक्स अध्यक्ष रामजी राय, सहजौली पैक्स अध्यक्ष मुन्ना राय एवं सुहिया पैक्स अध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि किसान फसल को सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रहे हैं। किसानों को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और फसल पर किसी तरह का प्रकोप नहीं होगा तो करीब एक माह बाद खेतों से मटर-छेमी की तुड़ाई शुरू हो जाएगी। अच्छी पैदावार और बाजार में बेहतर कीमत मिलने पर इस वर्ष किसानों की आमदनी बढ़ सकती है।
