आरा से पटना जाने वाली शटल ट्रेन पिछले दो महीने से लगातार देरी से चल रही है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। बक्सर से आने वाली यह ट्रेन आरा से सुबह 7.23 बजे खुलती है और नौ बजे तक पटना पहुंच जाती थी, लेकिन अब यह देरी से पहुंच रही है। सरकारी और निजी कार्यालयों, बैंकों तथा दुकानों में काम करने वाले बड़ी संख्या में यात्री इसी ट्रेन से आरा से पटना का सफर करते हैं। समय पर न पहुंचने के कारण उन्हें अपने कार्यस्थल पर देरी से पहुंचना पड़ रहा है।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेन संख्या 53262 बक्सर-फतुहा और 53261 फतुहा-बक्सर पैसेंजर ट्रेनों में पुराने और जर्जर कोच लगाए जा रहे हैं। कई कोचों में पंखे खराब हैं, सीटें टूटी हुई हैं और शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। साफ-सफाई की कमी के कारण कोचों में बदबू बनी रहती है। यात्रियों ने पुराने कोचों की जगह नई तकनीक वाले कोच लगाने, निर्धारित समय पर परिचालन सुनिश्चित करने और आरा-पटना के बीच अनावश्यक ठहराव कम करने की मांग की है।

इस मामले को गुरुवार के अंक में प्रमुखता से उठाया गया था। यात्रियों ने इन ट्रेनों के परिचालन में सुधार की मांग को लेकर सांसद सुदामा प्रसाद को पत्र सौंपा है, जिसमें रेलवे से तत्काल पहल करने की अपील की गई है।

वरीय वाणिज्य रेल प्रबंधक अभिनव सिद्धर्थ ने बताया कि शटल का परिचालन समय से हो, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।