वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जिले के एसएसपी का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले उन्होंने पुलिस सेवा में कई चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उत्तरकाशी में उन्होंने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का नेतृत्व किया, जबकि एसडीआरएफ सेनानायक के रूप में धराली आपदा में बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान संचालित कराया।

नैनीताल में उनकी कार्ययोजना का फोकस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विवेचना, अपराधियों को सजा दिलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, जाम से निजात दिलाने और पुलिस-जनसहभागिता बढ़ाने पर रहेगा। आपदा प्रबंधन में उनके अनुभव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान मिली है।

यदुवंशी को प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, एनडीएमए की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।