बगहा की एक युवती को शादी का झांसा देकर नशीला पदार्थ खिलाकर राजस्थान में बेचने का मामला सामने आया है। पठखौली पुलिस ने 21वें दिन युवती को बगहा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, युवती को बगहा से गोरखपुर और फिर जयपुर ले जाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी। आरोपितों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश के बाद उन्होंने युवती को छोड़ दिया।

युवती की मां ने छह नवंबर को पठखौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि छह नवंबर की रात करीब आठ बजे पड़ोस की महिला सुनैना देवी ने उनकी बेटी को फोन कर गांधीनगर चौक के पास बुलाया। प्राथमिकी के अनुसार, सुनैना देवी, उसके भाई विजय और विजय की पत्नी की मिलीभगत से युवती को राजस्थान के झालावाड़ जिले के साकड़िया गांव निवासी राजू के हाथ बेच दिया गया।

प्राथमिकी में यह भी आरोप है कि युवती को गाड़ी में बैठाकर गोरखपुर की ओर ले जाया गया, रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर अपने कब्जे में रखा गया और राजू से जबरन शादी कराने का दबाव बनाया गया। युवती ने फोन के माध्यम से अपनी मां को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

पठखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और आरोपितों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। पुलिस की कार्रवाई का दबाव बढ़ने पर आरोपितों ने युवती को मुक्त कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे बगहा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, बरामद युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां उसका बयान दर्ज कराया जाएगा और मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।