बाराबंकी के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेवा में छह दिसंबर से महादेवा महोत्सव शुरू होगा। महोत्सव में बाबा अमरनाथ की गुफा मुख्य आकर्षण रहेगी। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन, इनामी दंगल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद जैसे आयोजन होंगे।

लोधेश्वर महादेवा के अगहनी मेला में छह दिसंबर से महादेवा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके लिए बाबा अमरनाथ की गुफा बनाई जाएगी। शनिवार को गुफा निर्माण स्थल पर भूमि पूजन किया जाएगा।

महोत्सव के प्रांगण में अमरनाथ की बर्फीली शैलशिखाओं पर विराजमान शिवमूर्ति और शिवलिंग रात्रि में विद्युत साज-सज्जा के साथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बताया गया है कि पिछले वर्ष करीब तीन लाख रुपये की लागत से इस गुफा का निर्माण कजियापुर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख बृजपाल सिंह ज्ञानू ने कराया था।

महोत्सव समिति सचिव एसडीएम आकांक्षा गुप्ता के आग्रह पर इस बार फिर श्रद्धालु अमरनाथ की हिमाच्छादित पहाड़ियों का दृश्य और गुफा के दर्शन कर सकेंगे।