बरेली में आर वाजपेई स्वीट्स के मालिक रोहित वाजपेई के खिलाफ फ्रेंचाइजी खोलकर बंद करने और 30 कर्मचारियों का लाखों रुपये बकाया वेतन न देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कर्मचारी कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। एएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाना पुलिस ने यह रिपोर्ट दर्ज की।

नवादा शेखान निवासी अरशद ने पुलिस को बताया कि वह रोहित वाजपेई के आंचल कालोनी स्थित होटल में मैनेजर थे और उनके कार्य के 35 हजार रुपये बकाया हैं। शिकायत के अनुसार मार्केटिंग मैनेजर राहुल शर्मा के 80547 रुपये, मैनेजर दीपक अग्रवाल के 35 हजार, ड्राइवर प्रिंस पांडेय के 28 हजार, विवेक कुमार के 67500, गौरव के 21 हजार, विपिन कुमार के 42 हजार, सिद्धार्थ सिंह के 2.70 लाख, लालू उर्फ अजय के 90 हजार, यशवीर के 14 हजार, सुनील के 21 हजार, देवराज के 15 हजार, विवेक के 15 हजार, लवकुश के 14 हजार, सचिन के 15 हजार, करन के पांच हजार, विकास के 16500, पिंकुल के 10 हजार, आकाश पटेल के 14 हजार, सतीश के 50 हजार, राहुल के पांच हजार, आकाश के 30 हजार, सिवरीश के 40 हजार, रत्नेश के 60 हजार, फिरोज के 8100, राजा के 2.53 लाख, विक्की के 7.60 लाख, शरीफ के 3.54 लाख और रवि यादव के तीन हजार रुपये बकाया हैं।

शिकायतकर्ता के मुताबिक जब इस बारे में रोहित के पिता नवीन से बात की गई तो उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। रोहित ने सात नवंबर को हिसाब करने की बात कही थी, लेकिन इससे एक दिन पहले ही रात में वह घर छोड़कर चला गया।