शिक्षा विभाग बिहार के सरकारी विद्यालयों में चल रहे 'संकल्प संध्या' कार्यक्रम के समय में बदलाव पर विचार कर रहा है। विभाग को विभिन्न जगहों से सुझाव मिल रहे हैं कि वर्तमान समय शाम पांच से साढ़े सात बजे के बजाय स्कूल की छुट्टी के तुरंत बाद कक्षाएं चलाई जाएं। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को सहूलियत होगी और छात्राओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

शिक्षा विभाग ने हाल ही में प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी विद्यालयों में कक्षा नौवीं से बारहवीं के उन बच्चों के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया है, जो पढ़ाई में अपेक्षाकृत थोड़ा कमजोर हैं। विभाग के स्तर पर संकल्प संध्या का समय शाम पांच बजे से साढ़े सात बजे तक तय है।

विभाग को मिल रहे सुझावों में कहा जा रहा है कि छुट्टी के बाद विद्यार्थी घर लौटकर दोबारा कक्षाओं के लिए विद्यालय आने में परेशानी महसूस करते हैं। शिक्षकों को भी संकल्प संध्या के लिए रुकना पड़ता है। ऐसे में छुट्टी के तुरंत बाद कक्षाएं लगने से दोनों को सहजता होगी। सुझावों में सर्दी के मौसम का भी जिक्र है कि साढ़े सात बजे के बाद विद्यार्थियों को घर लौटने में दिक्कत होती है।

छात्राओं की सुविधा को भी सुझावों में प्रमुखता से रखा गया है। कहा जा रहा है कि साढ़े सात बजे कक्षाएं खत्म होने पर छात्राओं को घर पहुंचते-पहुंचते आठ बज जाएंगे, जिससे अभिभावकों को भी सक्रिय होना पड़ेगा और परेशानी बढ़ेगी। सुझावों में यह भी कहा जा रहा है कि ठंड बढ़ने पर रात आठ बजे तक बच्चों का घर से बाहर रहना मुश्किल होगा, जिससे संकल्प संध्या में उपस्थिति कम हो सकती है।