राजस्थान के कोटा में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास आधी रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हाईवे किनारे खड़े ट्रक से तीर्थयात्रियों से भरी ट्रैवलर गाड़ी टकरा गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं। घायलों को कोटा के नवीन चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर गाड़ी में सवार सभी लोग महाराष्ट्र से राजस्थान के खाटू श्याम आए थे। गाड़ी में सवार 16 लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो खाटू श्याम के दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। शंभूपुरा के पास गाड़ी की खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। गाड़ी की रफ्तार ज्यादा होने की वजह से टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए।
कोटा के अपर जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया कि हादसा शंभूपुरा के पास आधी रात को हुआ। 16 लोगों से भरी ट्रैवलर गाड़ी हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोशिश यही है कि घायलों को सही इलाज मिले और वे जल्द ठीक हो जाएं। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और उनके परिवार को सूचना दे दी गई है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री ने पीएमओ के जरिए गहरा दुख व्यक्त किया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है।
