मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के परशुराम पचदही गांव में एक युवती अपने कथित पति के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। युवती का आरोप है कि उसका विकास नाम के युवक से 2021 से प्रेम संबंध था और दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली थी, जिसका वीडियो भी उसके पास है। उसे जानकारी मिली कि युवक की 30 नवंबर को कहीं और शादी तय हुई है, जिसके बाद वह उसके घर पहुंची। युवती का आरोप है कि युवक के पिता और स्वजन दहेज के लालच में उसकी अनदेखी कर रहे हैं।
युवती ने बताया कि वह पिछले 25 दिनों से महिला थाना, बरियारपुर थाना और रामपुरमणि पंचायत के सरपंच को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शनिवार शाम चार बजे के करीब वह विकास के घर पहुंची, जहां उसे अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। स्वजन ने उसे बहू मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद युवती घर के दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गई। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बरियारपुर थानाध्यक्ष शिवचंद्र यादव ने बताया कि युवती और युवक के स्वजन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक युवती घर के बाहर धरने पर बैठी थी और पंचायत के सरपंच सरयुग पंडित उसे समझाने में जुटे थे। वहीं, बताया जाता है कि युवक भी घर से फरार है।
