कैथल के कलायत में गलत दिशा से आ रही एक कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कलायत थाना क्षेत्र में 20 नवंबर को हुए इस हादसे में गांव कैलरम निवासी साहिल (21) पुत्र धर्मेंद्र की मौत हुई है। गांव कैलरम निवासी साहिल पुत्र बलवंत की शिकायत पर कलायत थाना में केस दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि वह अपने दोस्त साहिल के साथ बाइक पर गांव से नरवाना की तरफ जा रहा था।
मटौर कलायत कट के पास एक कार चालक ने गलत दिशा से आते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार चालक ने वहां खड़े दो अन्य युवकों नवीन और एबन को भी टक्कर मार दी। चारों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
कलायत थाना के जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को शव सौंप दिया गया। मृतक साहिल अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
