देहरादून के निरंजनपुर मंडी चौक के पास एक स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने गई गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसकी आंखों में मिर्च स्प्रे कर उसे जबरन स्पा सेंटर के अंदर ले जाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक महिला समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुड़बुड़ा निवासी पीड़िता साइमा ने पटेलनगर पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 19 नवंबर की दोपहर करीब एक बजे वह मंडी चौक के पास स्थित अमेनज स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने गई थी। स्पा सेंटर के लोगों ने उसे पति की जानकारी देने से मना कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, जब वह वापस जाने लगी तो पार्किंग गेट पर एक काली कार आकर रुकी, जिससे एक महिला और एक पुरुष उतरे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, उसकी आंखों में मिर्च स्प्रे किया और उसे खींचकर स्पा सेंटर में ले जाने का प्रयास किया। आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बचकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसे अस्पताल जाना पड़ा। उसने बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को शक था कि 17 नवंबर को उसका पति स्पा सेंटर में आया था, और इसी की पुष्टि के लिए वह वहां गई थी। महिला ने स्पा सेंटर में पति के बारे में जानकारी मांगने के साथ सीसीटीवी फुटेज देखने की भी मांग की थी।
पुलिस ने शिकायत पर आरोपित नेहा समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
