वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने बीबीए, बीसीए, बी.लिव., बीएससी (कृषि) और एमएससी (कृषि) के विषम सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने 22 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर में संचालित इन पाठ्यक्रमों के सत्र 2026-27 में प्रवेशित संस्थागत एवं कैरी फारवर्ड विद्यार्थियों को यह अवसर दिया गया है।
नए कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी 25 नवंबर तक ऑनलाइन विषयों का चयन एवं सत्यापन तथा परीक्षा फार्म भरने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा फार्म भरने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
स्नातक स्तर पर प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर तथा स्नातकोत्तर स्तर पर सप्तम एवं नवम सेमेस्टर के संस्थागत विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। विद्यार्थियों को पहले अपने विषय और प्रश्नपत्रों का सही चयन करना होगा। स्नातक के पंचम एवं सप्तम सेमेस्टर के संस्थागत एवं कैरी फारवर्ड तथा प्रथम सेमेस्टर के छूटे हुए और तृतीय सेमेस्टर के कैरी फारवर्ड विद्यार्थियों के फार्म पूर्व की तरह विश्वविद्यालय पोर्टल से भरे जाएंगे। स्नातकोत्तर के सप्तम एवं नवम सेमेस्टर के छूटे हुए कैरी फारवर्ड विद्यार्थियों के फार्म भी विश्वविद्यालय पोर्टल से भरे जाएंगे।
विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय में विद्यार्थियों के सभी विषयों का चयन, परीक्षा फार्म और शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया पूरी कराएं। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित महाविद्यालय उत्तरदायी होंगे। परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही शुरू होगी। परीक्षा फार्म संबंधी समस्या के लिए संबंधित सहायता माध्यमों से संपर्क करने को कहा गया है।
