श्रीनगर में डायनासोर युग से भी पुराना माना जाने वाला जिन्कगो बिलोबा पेड़ लगाया जा रहा है। वनस्पति विज्ञान में इसे 'जीवित जीवाश्म' कहा जाता है, क्योंकि इसके जीवाश्म करीब 29 करोड़ साल पुराने हैं। चीन मूल का यह दुर्लभ पेड़ अब श्रीनगर की हरियाली का हिस्सा बनने जा रहा है। श्रीनगर नगर निगम और बागवानी विभाग ने शहर के पार्कों और प्रमुख सड़कों के किनारे जिन्कगो के पेड़ लगाने की योजना बनाई है।

इस पेड़ का कश्मीर से करीब दो सौ साल पुराना रिश्ता भी जुड़ा है। लाल मंडी स्थित कृषि विभाग के किचन गार्डन में आज भी एक पुराना जिन्कगो का पेड़ मौजूद है, जिसे दक्षिण एशिया के सबसे पुराने जिन्कगो पेड़ों में गिना जाता है। कभी पूरी घाटी में इसकी मौजूदगी इसी एक पेड़ तक सीमित थी। बाद में इसी से कलम तैयार कर दूसरे स्थानों पर पौधे लगाए गए। वर्ष 1964 में इस पर ''जिन्कगो बिलोबा एल. इन कश्मीर'' शीर्षक से वैज्ञानिक शोध प्रकाशित हुआ था।

फ्लोरीकल्चर, गार्डन एवं पार्क विभाग की निदेशक मथूरा मासूम के अनुसार, यह पेड़ कश्मीर कैसे आया, इसका कोई प्रमाणित विवरण मौजूद नहीं है। जिन्कगो का मूल स्थान चीन है, जहां इसे सदियों से मंदिरों और बागों में लगाया जाता रहा है। भारत में इसकी आमद ब्रिटिश दौर के बोटैनिकल गार्डन से जुड़ी बताई जाती है। भारत में इसे लाने का श्रेय लार्ड डलहौजी को दिया जाता है। कश्मीर में भी सजावटी बागवानी के विस्तार के दौरान इसे जगह मिली।

जिन्कगो अपने गण जिन्कगोएल्स का अकेला जीवित प्रतिनिधि है। कभी इसके रिश्तेदार उत्तरी गोलार्ध के बड़े हिस्से में फैले थे, लेकिन जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आवासों में बदलाव के कारण विलुप्त हो गए। अनुकूल परिस्थितियों में यह पेड़ एक हजार साल से अधिक जीवित रह सकता है। दुनिया भर में सजावटी पेड़ के रूप में लोकप्रिय होने के बावजूद जिन्कगो आइयूसीएन की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त श्रेणी में है। जापान के हिरोशिमा में वर्ष 1945 में परमाणु हमले के बाद विस्फोट स्थल से करीब एक से दो किलोमीटर दूर मौजूद छह जिन्कगो पेड़ प्रभावित होने के बावजूद जीवित रहे और कुछ महीनों बाद उनमें नई कोंपलें फूट आईं।

श्रीनगर की हरियाली बढ़ाने के लिए विभाग और नगर निगम ने करीब एक हजार जिन्कगो के पेड़ लगाने की योजना बनाई है। निदेशक मथूरा मासूम ने बताया कि नर्सरी में काफी पौधे तैयार किए गए हैं और इन्हें प्रमुख पार्कों में लगाने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर बोटैनिकल गार्डन के बीचों-बीच लगा जिन्कगो का पेड़ पर्यटकों को काफी आकर्षित करता है और चिनार की तरह जिन्कगो भी पर्यटकों में लोकप्रिय है। उनके अनुसार आने वाले समय में जिन्कगो भी कश्मीर की नई पहचान के रूप में जाना जाएगा।

वहीं, पर्यावरण शोधकर्ता डॉ राजा मुजफ्फर भट का मानना है कि श्रीनगर में जिन्कगो लगाने से शहर की खूबसूरती बढ़ सकती है, लेकिन इसे पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली का विकल्प नहीं मानना चाहिए। यह स्थानीय कीट-पतंगों, पक्षियों और मिट्टी के जीवों के साथ देशी पेड़ों जैसा प्राकृतिक संबंध नहीं रखता। हिमालय जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए स्थानीय प्रजातियों को प्राथमिकता देना जरूरी है।