बरेली में 12 एकड़ जमीन पर कब्जे के विवाद में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। परिजनों ने महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। प्रोफेसर केपी सिंह इस समय गोरखपुर यूनिवर्सिटी के वीसी हैं और उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
पचपेड़ा निवासी भगवान सिंह ने 20 नवंबर को आत्महत्या की थी। घरवालों का आरोप है कि तीन साल पहले प्रोफेसर केपी सिंह ने उनकी 12 एकड़ जमीन के फर्जी कागज तैयार कर दाखिल खारिज करा लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर भगवान सिंह ने कोर्ट में केस किया और जमीन छिनने के डर से तनाव में चल रहे थे। किसान के कमरे से मिले सुसाइड नोट में प्रोफेसर केपी सिंह और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बहेड़ी थाने में परिजनों ने प्रोफेसर केपी सिंह और उनकी पत्नी समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
परिजनों ने डेढ़ करोड़ मुआवजा, 12 एकड़ जमीन किसान के परिवार के नाम करने और प्रोफेसर केपी सिंह तथा अन्य के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने रविवार तक एफआईआर दर्ज न होने पर बहेड़ी थाने का घेराव करने का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने कई बार परिजनों से बातचीत की, लेकिन मांग पूरी होने तक वे अंतिम संस्कार पर राजी नहीं हुए। शनिवार तक प्रशासन के लगातार प्रयासों के बावजूद अंतिम संस्कार नहीं हो सका।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि किसान के परिवार ने तहरीर दी है और जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। घरवालों से बातचीत की जा रही है ताकि किसान का अंतिम संस्कार कराया जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
