बेतिया जिला परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था शुरू की है। इस योजना के तहत पीड़ितों को सरकारी और चयनित निजी अस्पतालों में अधिकतम डेढ़ लाख रुपये या सात दिनों तक मुफ्त इलाज मिलेगा। दोनों में से जो सीमा पहले पूरी होगी, उसके साथ सुविधा समाप्त हो जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को बिना आर्थिक परेशानी के समय पर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों को भी जोड़ा गया है, ताकि घायलों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। परिवहन विभाग ने यह व्यवस्था हर यात्रा का हमसफर टैगलाइन के साथ राहत योजना के तहत शुरू की है।
कैशलेस उपचार के लिए चिह्नित निजी अस्पतालों में गंगा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर, सिन्हा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल लैप्रोस्कोपिक सेंटर, एमएस आदर्श हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, डॉ. सुरेश प्रसाद नेत्र एवं दंत चिकित्सा अस्पताल, ध्रुव नेत्रालय, शुभम स्टोन लेप्रोस्कोपी अस्पताल, काजी हेल्थ केयर, आरएच स्टोन सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एडवांस्ड लैप्रोस्कोपिक सर्जरी एंड ट्रामा सेंटर, तिवारी श्यामा अस्पताल तथा सर्जरी एंड रिसर्च सेंटर शामिल हैं। इन अस्पतालों में निर्धारित नियमों के अनुसार दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार मिलेगा।
अक्सर सड़क हादसों में घायल लोगों की जान समय पर इलाज न मिलने के कारण चली जाती है। कई बार स्वजन अस्पताल पहुंचकर इलाज के लिए पैसे जुटाने में लग जाते हैं और बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल की तलाश में भी कीमती समय निकल जाता है। ऐसे में दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में ही उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
