बिहार के बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में करोड़ों रुपये के आभूषण लूट के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। डीआईजी हर किशोर राय ने घटनास्थल का करीब सात घंटे तक गहन निरीक्षण किया और मामले की जांच की जानकारी ली। जांच के बाद उन्होंने दो दिनों के भीतर पर्दाफाश का भरोसा दिलाया और बताया कि इसके लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।

डीआईजी के अनुसार, एसआईटी को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। शोरूम के स्टाक से लूटे गए आभूषणों का मिलान भी कराया जा रहा है। डीआईजी ने बताया कि शोरूम में छोटे-छोटे आभूषण हैं और प्रत्येक आभूषण पर लगे टैग से मिलान करने में समय लगेगा, इसलिए व्यवसायी के स्टाफ के साथ पुलिस टीम भी सत्यापन में जुटी है।

घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस टीम इन साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और घटनास्थल से मिले सुरागों का तकनीकी जांच के साथ मिलान किया जा रहा है। सुराग पाने के लिए पुलिस ने डाग स्क्वायड की मदद भी ली। खोजी कुत्ते को शोरूम से छोड़ा गया तो वह पूरब की ओर स्टेशन चौक की तरफ निकला और स्टेशन चौक के समीप आदित्य विजन के शोरूम से मुड़कर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बानूछापर तक पहुंच गया। इस दौरान पुलिस टीम उसके पीछे-पीछे चलती रही और बानूछापर तक पहुंचने के बाद डाग स्क्वायड के संकेतों के आधार पर आसपास के इलाके में छानबीन की गई।