भदोही की हस्तनिर्मित कालीनें अपनी जटिल बुनाई और कलात्मकता के लिए विश्वभर में पहचानी जाती हैं। कारीगर महीनों के श्रम से एक-एक गांठ पिरोकर कालीन तैयार करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'एक जिला एक कला' पहल से इस सदियों पुरानी हस्तकला को बढ़ावा मिलने और रोजगार सृजित होने की उम्मीद जगी है।

गांव की गलियों से लेकर घर के आंगन तक करघों की आवाज सुनाई देती है। ताने-बाने के बीच ऊन के रंगीन धागों से हस्तशिल्पी ऐसी कलाकृतियां तैयार करते हैं, जिनकी चमक विदेशों तक पहुंचती है। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही इस कला के जानकारों ने अपनी अंगुलियों के हुनर से भदोही को विश्व फलक पर पहचान दिलाई है। एक-एक गांठ में महीनों का श्रम, कला और अनुभव समाहित होता है।

हस्तनिर्मित कालीन बनाने की प्रक्रिया कठिन और कलात्मक दोनों है। बुनकर पहले करघे पर ताना तैयार करते हैं, फिर डिजाइन के अनुसार ऊन के रंगीन धागों को एक-एक गांठ में पिरोया जाता है। प्रत्येक गांठ को छूड़ा से काटकर बराबर किया जाता है और ठर्री की परत चढ़ाकर पंजा से बुनाई मजबूत की जाती है। एक कालीन तैयार करने में एक महीना या उससे अधिक समय लगता है।

बताया जाता है कि मुगलकाल में भदोही में कालीन बुनाई शुरू हुई थी और उस समय इसे शाही कालीन कहा जाता था। ब्रिटिश काल में 1850 के आसपास निर्यात शुरू हुआ। 1947 तक कालीन निर्यात लगभग एक करोड़ रुपये तक होता था, जो अब बढ़कर 17 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। बुनकर मोतीलाल गुप्ता का कहना है कि दो पीढ़ियों से कालीन बुनाई का कार्य कर रहे हैं और परिवार का खर्च चल जाता है। मुख्यमंत्री की घोषणा से लगने लगा है कि इस कला को और बढ़ावा मिलेगा। बुनकर राजेंद्र प्रसाद के अनुसार कालीन बुनाई में धैर्य की जरूरत है और यह ऐसी कला है जो इसमें पारंगत है वही बुन सकता है।