राजस्थान के कोटा में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी टकरा गई, जिसमें बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी शामिल हैं। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एम्बुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गाड़ी में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे, जो राजस्थान में खाटू श्यामजी के दर्शन करके लौट रहे थे। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा गाड़ी के ड्राइवर की लापरवाही से हुआ। बताया जा रहा है कि ड्राइविंग के दौरान उसे झपकी लग गई थी।

हादसे की खबर मिलते ही सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दलों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ितों की देखभाल के लिए अस्पताल में एक मेडिकल टीम तैनात की गई है।

स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, जिनमें अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम-सिटी) भी शामिल हैं, घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह पहुंचे।