पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के कान्ही टोला कवलपुर में उधार के पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में हत्या की घटना सामने आई है। बताया गया है कि विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी, लेकिन उसके दो-तीन घंटे बाद ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में किशनाथ सहनी की हत्या कर दी गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मृतक के स्वजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने शव को आरोपित के दरवाजे पर रखकर विरोध जताया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।