रांची जिले के ब्राम्बे गांव की उरांव जनजाति से आने वाली दो चचेरी बहनें, मानती तिग्गा और निक्की तिग्गा, कुड़ुख गीतों के जरिए वीरांगना सिंगी दई की कहानी को जीवित रख रही हैं। उनका गीत 'ओंटा रंफ' यानी 'उम्मीद की किरण' उरांव समुदाय की एकता और साहस का प्रतीक बन गया है। कुड़ुख परंपरा में सिंगी दई को उस वीरांगना के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने रोहतासगढ़ किले की रक्षा के लिए महिलाओं का नेतृत्व किया था।
मानती के अनुसार, मान्यता है कि पूर्वज रोहतासगढ़ में रहते थे और जब समाज के पुरुष शिकार के लिए जंगल में गए थे, तब दुश्मनों ने आक्रमण कर दिया। घर की महिलाओं ने हथियार उठाकर आक्रमणकारियों से लोहा लिया और अपने मान-सम्मान की रक्षा की। इस लड़ाई का नेतृत्व सिंगी दई ने किया था। मानती ने बताया कि सिंगी दई की याद में हर 12 वर्षों में जनी शिकार का आयोजन आज भी होता है और नई पीढ़ियों को उनकी कहानी सुनाई जाती है।
दोनों बहनों ने संगीत की औपचारिक शिक्षा नहीं ली है; वे अपनी मां, दादी और गांव की महिलाओं से लोकगीत सुनते-सुनते बड़ी हुई हैं। वर्ष 2022 में संवाद के मंच से शुरू हुआ उनका सफर अब टाटा स्टील फाउंडेशन के 'रिद्म्स ऑफ द अर्थ' संगीत समूह तक पहुंच चुका है। गीत में समुदाय से एकजुट रहने और अपनी पहचान की रक्षा का संदेश दिया गया है।
कुड़ुख भाषा में गाए जाने वाले इन गीतों की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि 2011 की जनगणना के अनुसार देश में करीब 19.88 लाख लोगों ने कुड़ुख को अपनी भाषा बताया था। मानती कहती हैं कि गीत के जरिए एक लड़की यह कहती है कि भले वह तारा नहीं है, लेकिन उम्मीद की एक किरण है और एक दिन सिंगी दई की तरह देश और समाज के लिए लड़ेगी।
